दिल्ली के चिडिय़ाघर में कुछ ही दिन पहले निर्भया बाघिन की मौत हुई थी। अब 17 दिन बाद निर्भया के बच्चे की भी मौत हो गई। सफेद बाघिन निर्भया ने बीते 10 दिसंबर को दो शावकों को जन्म दिया था। इस दौरान प्रसव के वक्त आईं कठिनाईयों के चलते निर्भया के पेट में ही संक्रमण फैलने से उसकी मौत हो गई। 14 दिसंबर को उसने दम तोड़ा था। इसी बीच एक शावक की भी मौत गई। जबकि दूसरे शावक को पशु अस्पताल में भर्ती कराया था।
इसी शावक की मंगलवार को तबीयत अचानक से बिगड़ने लगी और उसने दम तोड़ दिया। चिडिय़ाघर निदेशक रमेश पांडेय ने बताया कि शावक का पोस्टमॉर्टम करने के बाद विसरा बरेली स्थित भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान भेज दिया। चिडियाघर में फिलहाल सामान्य धारियों वाले बंगाल बाघ का जोड़ा और पांच सफेद बाघ है। सर्दी के मद्देनजर चिडियाघर में जानवरों के लिए हीटर, पर्दे आदि लगाकर बचाव के इंतजाम किए गए हैं। खाने में बदलाव करते हुए सर्दी से बचाव के लिए जानवरों को सूप, गुड़ आदि दिया जा रहा है।
आपको बता दें कि कोरोना वायरस के मद्देनजर चिडिय़ाघर लोगों के लिए 31 जनवरी तक बंद रहेगा। निदेशक ने बताया कि जब चिडिय़ाघर शुरू होगा तब ऑनलाइन नई वेबसाइट पर जाकर लोग अपनी बुकिंग करा सकेंगे।