नववर्ष की पूर्व संध्या पर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने शराब पीकर गाड़ी चलाने और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया।
इस दौरान 724 लोगों के चालान काटे गए, जो लोग नशे में धुत थे उनकी गाड़ी जब्त कर ली गई। हालांकि, पिछले वर्ष के मुकाबले सड़क हादसों में कमी आई। वर्ष 2011 में 7 और 2012 में 5 लोगों की मौत हुई थी। इस वर्ष एक व्यक्ति की जान गई।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अनिल शुक्ला के अनुसार, नववर्ष के जश्न के दौरान ट्रैफिक नियमों का पालन करवाने और सुचारु संचालन के लिए कनॉट प्लेस, साकेत, एम-ब्लाक जीके, चिराग दिल्ली, आदि जगहों पर विशेष अभियान चलाया।
ट्रैफिक पुलिस की 70 टीमें लोकल पुलिस और पीसीआर के साथ उतरी थीं। अभियान के दौरान 724 लोगों के चालान किए गए जिनमें 67 लोगों का खतरनाक ढंग से गाड़ी चलाने व 532 के शराब पीकर गाड़ी चलाने को लेकर चालान किया गया।
इनमें 238 कारें, 265 दोपहिया और 12 ऑटो थे। 91 वाहनों को मौके पर ही जब्त किया गया। पांच वाहन चालकों के खिलाफ आईपीसी की धारा 279 के तहत मामला दर्ज किया गया है। वर्ष 2012 में 418 चालान ड्रंकन ड्राइविंग के किए गए थे।