गुड़गांव के सेक्टर-23 स्थित एटीएम से 20 लाख रुपये लेकर फरार हुए कैश जमा कराने वाली कंपनी के गार्ड की तलाश में शनिवार रात पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली। पुलिस ने समालखा के पास गढ़ी साजू गांव में छापेमारी कर उसके छोटे भाई को गिरफ्तार कर लिया।
उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 1.32 करोड़ बरामद किए। माना जा रहा है कि यह एटीएम से चोरी की गई अब तक की सबसे बड़ी रकम है। पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ है कि दोनों भाइयों ने मिलकर एक ही रात में कई एटीएम से इतनी बड़ी रकम निकाली थी। पुलिस मुख्य आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।
7 मई को सेक्टर-23 स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम से 20 लाख रुपये निकालने की सूचना मिलने के बाद कैश जमा कराने वाली कंपनी नोजी सर्विस के प्रबंधक ने पुलिस को शिकायत दी थी। मामले की जांच के दौरान कंपनी के सिक्योरिटी गार्ड विनोद का नाम सामने आया था।
इसी आधार पर पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी। शनिवार रात पुलिस ने समालखा के पास स्थित विनोद के गांव गढ़ी साजू में छापेमारी की। विनोद तो हत्थे नहीं चढ़ा, लेकिन पुलिस ने उसके छोटे भाई प्रमोद को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ।
प्रमोद की निशानदेही पर गांव में बंद पड़े कुएं से दो बैग में 1.32 करोड़ रुपये बरामद किए गए। पूछताछ में पता चला कि विनोद ने आईटीआई पास प्रमोद के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद आला अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस प्रमोद को देर रात गुड़गांव ले आई।
पालम विहार थाना पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। एसीपी क्राइम राजेश के मुताबिक मुख्य आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।