गुरुग्राम के मालीबू टाउन में बिना मास्क लगाए घर से बाहर निकलने वालों पर कार्रवाई कर रहे एसडीएम व तहसीलदार से दो युवक उलझ गए। उन्होंने न केवल अभद्र व्यवहार किया बल्कि सरकारी काम में बाधा भी डाली। वहीं, नाथूपुर में भी कांस्टेबल के साथ मारपीट करने और अभद्र व्यवहार करने का मामला सामने आया है। सदर व डीएलएफ फेज-3 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। तीनों ही युवकों को जमानत मिल गई है।
एसडीएम बादशाहपुर हितेंद्र शर्मा ने बताया कि मालीबू टाउन से लगातार शिकायत मिल रही थी कि शाम के वक्त लोग सैर करने के लिए बिना मास्क लगाए घर से बाहर निकलते हैं। इस पर अभियान चलाकर लोगों के चालान काटे गए। कार्रवाई जारी थी कि मालीबू टाउन निवासी हेमंत व रोहित कुमार बिना मास्क लगाए मौके से गुजरने लगे।
जब टीम इनका चालान काट रही थी तो दोनों युवक अभद्रता करने लगे और हंगामा कर दिया। पुलिस ने जब इन्हें काबू करने का प्रयास किया तो यह दोनों पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की करने लगे। इस पर पुलिस ने इन्हें काबू किया।
मामले में मौके पर मौजूद तहसीलदार वजीराबाद मनीष कुमार की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी नवीन ने बताया कि मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और पुलिस जमानत पर छोड़ दिया गया।
वहीं, डीएलएफ फेज-3 थाना क्षेत्र के नाथुपुर में सिपाही अरुण राइडर पर गश्त कर रहे थे। गश्त करते हुए उन्हें एक युवक बिना मास्क लगाए बाइक चलाता दिखाई दिया जिसे उन्होंने रुकवा लिया।
आरोप है कि जब उसका चालान काटने लगे तो वह अभद्रता करने हुए मारपीट करने लगा। इस पर मौके पर थाना पुलिस की पीसीआर बुलवाकर उसके खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर बाइक सवार मंजीत को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।