एक ओर जहां उत्तर प्रदेश के सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमित शहरों में गौतमबुद्ध नगर बना हुआ है, वहीं गाजियाबाद में भी रोजाना दर्जनों केस आ रहे हैं। सोमवार को गाजियाबाद में 112 सैंपलों की रिपोर्ट आई है जिसमें से 13 नए मामले सामने आए हैं।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि शाम तक मरीजो की संख्या और बढ़ेगी। शाम तक 490 सैम्पलों की रिपोर्ट आ सकती है। अभी तक 931 मरीजो में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है।
बेकाबू हो रहा कोरोना, रविवार को 65 नए मरीज मिले, पांच की मौत
गाजियाबाद में कोरोना संक्रमण की रफ्तार हर दिन तेज होती जा रही है। रविवार को 65 नए मरीज पाए गए जबकि छह की मौत हो गई। इनमें से विभाग ने केवल पांच मौतों की ही पुष्टि की है। संक्रमण मुक्त होने के बाद 10 मरीजों को डिस्चार्ज भी किया गया।
जिन पांच मौत की पुष्टि हुई है, उनमें चार ने मेरठ मेडिकल कॉलेज और एक ने संतोष अस्पताल में दम तोड़ा। इनमें से चार मौत पहले हुई थी, जबकि दो मौत रविवार को हुई है। अब जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या 918 हो गई है। जबकि स्वस्थ होने वालों का आंकड़ा 510 पहुंच गया है। अभी अलग-अलग अस्पतालों में 362 का उपचार चल रहा है। अब मरने वालों की संख्या 46 हो गई है। रविवार को 422 मरीजों के सैंपल जांच को भेजे गए।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार रजापुर निवासी 48 साल की महिला की मौत संतोष अस्पताल एवं 50 साल के मोदीनगर निवासी पुरुष की मौत मेरठ मेडिकल कालेज में हुई है। संक्रमित मरीजों में महिला अस्पताल की पांच स्टाफ नर्स और डासना जेल के दो बंदी हैं।
अस्पताल से फरार महिला पांच नर्सों को कर गई संक्रमित
महिला अस्पताल से भागी कोरोना पॉजिटिव महिला का अभी कोई सुराग नहीं लगा है। उसका उपचार करने वाली पांच स्टाफ नर्सों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आ गई है। महिला के अस्पताल से भागने के बाद कार्यरत 28 लोगों के सैंपल लिए गए थे। रविवार को सीएमएस समेत एक दर्जन डॉक्टरों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। यह जांच एक अन्य गर्भवती महिला के पॉजिटिव आने पर कराईं गई थी। सीएमएस डॉ. दीपा त्यागी ने बताया कि शुक्रवार को जिला महिला अस्पताल से एक कोरोना पॉजिटिव महिला ने खुद को डिस्चार्ज किए जाने की मांग को लेकर पहले हंगामा और फिर वह पति के साथ चली गई।
21 जून तक 918 यानि 21 दिन में 393 मरीज
31 मई तक 325
30 अप्रैल तक 71
31 मार्च तक 10