बड़कली चौक पर थ्रीव्हीलरों को हटाते समय ट्रैफिक एसएचओ का डंडा एक ऑटो पर लगने से उसका शीशा टूट गया। इससे चालक बौखला गया और उसने ट्रैफिक एसएचओ के डंडा मार दिया।
इस पर पुलिस कर्मी चालक को थाने ले गए। उधर मामले से गुस्साए चालकों ने चौक पर जाम लगा दिया। बाद में चालक द्वारा मांफी मांगने पर मामला शांत हो गया।
बुधवार को दिन में 10:45 बजे बड़कली चौक पर यातायात पुलिस चौकी के सामने बड़कली-पिनगवां मार्ग पर खडे़ थ्रीव्हीलरों को हटाते समय ट्रैफिक एसएचओ ज्ञानचंद का एक डंडा थ्रीव्हीलर के शीशे पर जा लगा। डंडा लगने पर शीशा टूट गया।
यह देख थ्रीव्हीलर चालक ने एक डंडा एसएचओ के हाथ में दे मारा। इस पर पुलिसकर्मी थ्रीव्हीलर चालक को उठाकर थाने ले गए। यह देख अन्य ऑटों चालकों और आसपास के गांव के लोगों ने बड़कली चौक पर जाम लगा दिया।
जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और वहां मौजूद आरटीआई मंच संयोजक रियाज और उनकी टीम ने लोगों को समझाकर जाम खुलवा दिया। दोपहर तीन बजे तक विवाद चलता रहा।
लोगों ने पुलिस से कहा कि वह थ्रीव्हीलर चालक को मांफ कर दे। चालक अरसद का कहना था कि उसे पता नहीं था कि वह एसएचओ हैं। बाद थाने में मौजूद थ्रीव्हीलर चालक और अरसद के परिजनों ने ट्रैफिक एसएचओ से माफी मांग ली। इस पर मामला शांत हो गया।
गलती किसी से भी हो जाती है मैं चालक को माफ कर चुका हॅू। उन्होंने कहा कि बड़कली चौक पर थ्रीव्हीलर, टैक्सी, रिक्शा चलाने वाले चालकों को यातायात नियमों एवं पुलिस का सहयोग करना चाहिए। - ज्ञानचंद, ट्रैफिक एसएचओ