आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार करने हरियाणा के जींद शहर थाने से आई पुलिसकर्मियों से द्वारका नॉर्थ इलाके में मारपीट करने का मामला सामने आया है। जब आरोपी को गिरफ्तार कर हरियाणा पुलिस ले जाने लगी तो उसके बेटे ने अपने साथियों संग पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया और मारपीट की।
द्वारका नार्थ थाना पुलिस ने आरोपी इकबाल के बेटे परवेज को सरकारी काम में बाधा पहुंचाने व पुलिसकर्मियों से मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया जबकि आरोपी को हरियाणा पुलिस गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई।
पुलिस के अनुसार ककरौला डेयरी के पास रहने वाले इकबाल पर जींद के शहर थाने में आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज है। रविवार को शहर थाने में तैनात एएसआई भगवत दयाल, हवलदार जितेंद्र और राजवीर निजी गाड़ी से आरोपी से पूछताछ करने के लिए दिल्ली आए थे।
इकबाल को हिरासत में लेने के बाद वह उसे पूछताछ के लिए द्वारका नार्थ थाने ले जा रहे थे। इसी दौरान इकबाल का बेटा परवेज अपने साथ कुछ अन्य लोगों को लेकर आया और पुलिसकर्मियों पर पिता को छोड़ने का दबाव डालने लगा।
पुलिसकर्मियों ने परवेज व अन्य लोगों को द्वारका नार्थ थाने आने के लिए कहा लेकिन वह जबरदस्ती इकबाल को छुड़ाने की कोशिश करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने पुलिसकर्मियों से मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित पुलिसकर्मियों ने स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मारपीट करने वाले इकबाल के बेटे परवेज को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपी वहां से फरार हो गए। एएसआई भगवत दयाल व हवलदार जितेंद्र को मारपीट के दौरान चोट लगी थी। दोनों पुलिस कर्मियों का डीडीयू अस्पताल में मेडिकल करवाया गया और फिर उनके बयान पर मामला दर्ज किया गया।