धौज चौकी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर टीकरी खेड़ा गांव के खेतों के बीच प्रतिबंधित पशुओं के मांस से लदी स्कॉर्पियो सोमवार तड़के कब्जे में ली।
हालांकि पुलिस आने से पहले ही आरोपी वहां से फरार हो चुके थे। पुलिस के मुताबिक पशुओं का वध खेत में खड़ी फसल के बीच कर उनका मांस तस्करी के लिए स्कॉर्पियो में लादा गया था।
जांच में स्कॉर्पियो का नंबर भी फर्जी पाया गया। पुलिस ने मांस के नमूने जांच के लिए एफएसएल भेजे हैं। चौकी इंचार्ज पीएसआई सत्यनारायण के रविवार रात सूचना मिली कि टीकरी खेड़ा और अली मेव गांव निवासी चार-पांच युवक खरीफ की खड़ी फसल का फायदा उठाकर खेतों में प्रतिबंधित पशुओं का वध कर रहे हैं।
यह लोग पशुओं का मांस चोरी छिपे बेचते हैं। इनके पास दिल्ली के नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो भी है। जानकारी होते ही चौकी इंचार्ज सत्यनारायण एएसआई प्रदीप कुमार, एचसी विनोद, सिपाही सुरेंद्र के साथ मौके पर रवाना हो गए।
सड़क से करीब नौ किलोमीटर दूर खेतों में पहुंचने पुलिस को थोड़ा सम लगा। इस दौरान अंधेरे का फायदा उठाते हुए आरोपी फरार हो गए। पुलिस टीम को मौके से स्कॉरपियो में करीब छह पशुओं का मांस कटे हुए हिस्सों में बरामद हुआ। चौकी इंचार्ज ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।