सप्ताह के अंत तक पारा 40 पार जाने की संभवना
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली में बीते कई दिनों से मौसम शुष्क है। इससे तापमान भी लगातार बढ़ रहा है। वहीं, बीते तीन-चार दिनों से लोग गर्मी से बेहाल हैं। शनिवार को भी लोग तेज धूप के कारण खुद का बचाव करते नजर आए। शाम को भी उमस भरी गर्मी से राहत नहीं मिली। हालांकि, मौसम विभाग ने खबर लिखे जाने तक बारिश का यलो अलर्ट जारी किया था। लेकिन, किसी भी इलाके में बूंदाबांदी दर्ज नहीं की गई। इस दौरान अधिकतम तापमान 40.2 और न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, दिल्ली में अधिकतम आर्द्रता 68 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 35 प्रतिशत रही।
आने वाले दिनों में सूरज अपने कड़े तेवर दिखाएगा। सप्ताह के अंत तक पारा 40 डिग्री पार जाने का अनुमान है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 21 से 26 जून के बीच दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।इस दौरान दिन का अधिकतम तापमान 36 से 39 और न्यूनतम तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। ऐसे में 21 और 22 जून को दोपहर या शाम के समय हल्की बारिश के साथ आंधी-तूफान, और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
-
पश्चिमी विक्षोभ कमजोर, नहीं दिख रहा असर
मौसम विभाग के अनुसार, इसके बाद 23 से 26 जून तक आंशिक रूप से बादल छाएं रहेंगे। हालांकि, इस दौरान भी 10 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे के हिसाब से हवाएं चलती रहेंगी। कुल मिलाकर इस अवधि में दिल्ली में उमस और गर्मी के बीच आंधी और हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी, जिससे मौसम में थोड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। हालांकि, शुक्रवार को पहाड़ों पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। लेकिन, यह कमजोर होने के चलते इसका असर मैदानी इलाकों में देखने को नहीं मिल रहा है।