पुलिस के अनुसार, अब्दुल्लाह और जैद परिवार के साथ तुर्कमान गेट, मोहल्ला कब्रिस्तान में रहते थे, जबकि तौहीद तुर्कमान गेट के बुलबुलीखाना में रहता है। तीनों के परिजन बावर्ची हैं और करीबी रिश्तेदार हैं। शनिवार रात को एक रिश्तेदार के बेटे जुहेब का वलीमा था। उसका इंतजाम डिलाइट सिनेमा के पास मलिक हॉल में किया गया था। तीनों रात को अपने-अपने परिवारों के साथ वहां मौजूद थे।
इस बीच रात करीब 12:50 बजे तौहीद अपनी स्कूटी पर घूमने जाने की बात कहकर अब्दुल्ला और जैद को लेकर निकल गया। परिजन शादी में व्यस्त रहे। इस बीच 1:30 बजे परिजनों को एलएनजेपी अस्पताल से हादसे की खबर मिली। जैद की मौके पर ही मौत हो गई थी। अब्दुल्लाह ने अस्पताल पहुंचने के बाद दम तोड़ा। तौहीद के सिर में गंभीर चोट लगी हैं। हादसे के समय तीनों ने हेलमेट नहीं पहने थे। पुलिस को पता चला है कि तीनों तुर्कमान गेट से चांदनी चौक गए थे। वहां से लौटते समय कबूतर मार्केट के सामने स्कूटी डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के समय तौहीद स्कूटी चला रहा था।