विज्ञान विषय में युवा शोधार्थियों के शोध कार्यों और प्रोजेक्ट्स को नई दिशा मिल सकेगी। विज्ञान में शोध कार्यों के प्रति युवाओं में रुचि जगाने के लिए स्कूलों में इनोवेशन एंड एंटरप्रिन्योरशिप डेवलपमेंट सेंटर (आईईडीसी) खोले जाएंगे।
सूचना एवं तकनीकी मंत्रालय के स्कूल चैप्टर अभियान के पहले चरण में गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्धनगर और बुलंदशहर के पांच-पांच स्कूलों में इनोवेशन सेंटर खोले जाएंगे। सभी सेंटर मई के अंत तक कार्य करने लगेंगे।
स्कूलों में खुलने वाले इनोवेशन सेंटर में अगर किसी छात्र-छात्रा का प्रोजेक्ट्स चयनित होता है तो उसे विकसित करने के लिए विद्यार्थी को सूचना एवं तकनीकी मंत्रालय से एक लाख का फंड मिलेगा। साथ ही आईईडीसी के एक्सपर्ट्स और आईआईटी सहित देश केविभिन्न नामी संस्थानों के विशेषज्ञों से मार्गदर्शन भी मिलेगा।
मई के आखिर तक शुरू होंगे सेंटर
आईईडीसी गाजियाबाद चैप्टर के प्रबंधक महेंद्र गुप्ता ने बताया कि इंजीनियरिंग और पॉलीटेक्निक के बाद अब स्कूल चैप्टर के तहत इनोवेशन सेंटर खोले जाएंगे।
पहले चरण में चारों जिलों में पांच-पांच स्कूलों को चिह्नित करने की कार्रवाई जारी है। मई के आखिर तक सभी सेंटर कार्य करना शुरू कर देंगे। इससे छात्रों मं विज्ञान के प्रति नजरिया बदलेगा और अच्छे परिणाम सामने आएंगे।