दिल्ली से मालदा टाउन जाने वाली फरक्का एक्सप्रेस में मंगलवार देर रात महिला से छेड़खानी पर दो पक्षों में जमकर लात-घूंसे चले। गाजियाबाद स्टेशन पर गाड़ी रुकी तो महिला पक्ष और आरोपियों में जमकर मारपीट हुई।
दो मिनट के बाद ट्रेन चलने लगी तो छेड़छाड़ से आक्रोशित यात्रियों ने चेन पुलिंग कर दी। करीब 15 मिनट तक यात्रियों ने ट्रेन को आगे नहीं बढ़ने दिया। इस दौरान प्लेटफार्म पर अफरातफरी मच गई।
हालांकि जीआरपी छेड़छाड़ की घटना से इनकार कर मामला सीट के विवाद का बता रही है। मंगलवार रात करीब 11 बजे फरक्का एक्सप्रेस ट्रेन गाजियाबाद स्टेशन पर पहुंची थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्लीपर कोच में सवार एक परिवार की महिलाओं के साथ कुछ युवकों ने छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने पर युवकों ने महिलाओं के साथ सफर कर रहे पुरुषों के साथ बदसलूकी शुरू कर दी और नौबत मारपीट तक पहुंच गई।
बार-बार चेन पुलिंग के बाद अनाउंसमेंट किया गया तो जीआरपी अधिकारी ट्रेन पर पहुंचे। तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।