सरकारी व सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों को तीसरी से नौंवी व ग्यारहवीं कक्षा के अंकों को सुधारने का अवसर दिया जा रहा है। स्कूल स्तर पर एक बार यह सुविधा मिलेगी। इसके लिए शिक्षा निदेशालय की ओर से एक अप्रैल से लिंक को खोला जाएगा। वहीं, रिजल्ट जारी किए जाने के बाद लंबे समय से अनुपस्थित छात्रों की परीक्षा भी स्कूल अपने स्तर पर ले सकेंगे। इसके लिए प्रश्न पत्र 2023-24 के पाठ्यक्रम के आधार पर ही तैयार किया जाएगा।
सरकारी व सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में वार्षिक कॉमन परीक्षा आयोजित किए जाने के बाद इस सप्ताह रिजल्ट जारी किया जाना है। रिजल्ट जारी किए जाने के बाद बच्चों को अगली कक्षा में भेजा जाएगा।
ऐसे में यदि किसी बच्चे के रिजल्ट में किसी प्रकार की गड़बड़ी है तो इसके लिए विषय के अंकों में सुधार करने का अवसर स्कूलों को एक अप्रैल से मिलेगा। जिससे किसी बच्चे का रिजल्ट खराब ना हो। यह सुविधा स्कूलों को एक अप्रैल से चार अप्रैल तक के लिए मिलेगी। स्कूलों को अंकों में बदलाव ऑनलाइन ही करने हैं।
गलती करने वाले अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
इसमें स्कूलों को सुनिश्चित करना होगा कि अंकों में सुधार करने में किसी प्रकार की गलती ना हो। एक बार सही अंक अपलोड किए जाने के बाद छात्र को उसका सही रिजल्ट समय से स्कूलों को बताना होगा। अंक अपलोड करने में की गई लापरवाही को शिक्षा निदेशालय स्वीकार नहीं करेगा। अंकों में की गई किसी हेरफेर को गंभीरता से लिया जाएगा। गलती करने वाले जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।