दिल्ली के स्कूल में सनसनीखेज वारदात
- फोटो : अमर उजाला
पूर्वी दिल्ली के कृष्णानगर इलाके के एक स्कूल में एक दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। स्कूल परिसर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में लगभग 18 वर्षीय 12वीं कक्षा की एक छात्रा जली हुई हालत में पाई गई, जिसकी मौत हो गई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, आज कृष्णानगर स्थित एक स्कूल से आग लगने की घटना को लेकर पीसीआर कॉल मिली थी। सूचना मिलते ही थाना कृष्णानगर की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जांच के दौरान स्कूल के गार्ड रूम के पीछे एक 18 वर्षीय छात्रा झुलसी हुई हालत में मिली। पुलिस ने तुरंत स्थिति का जायजा लेते हुए उच्च अधिकारियों को इसकी सूचना दी।
क्राइम टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत क्राइम टीम को मौके पर बुलाया गया। फॉरेंसिक और क्राइम टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां से जरूरी सबूत जुटाए। इसके अलावा मृतका के स्कूल बैग और घटनास्थल से कुछ अन्य सामग्री भी बरामद की गई है, जिन्हें कब्जे में ले लिया गया है।
मंत्री आशीष सूद ने स्कूल का दौरा किया
कृष्णा नगर स्थित सर्वोदय बाल/बालिका विद्यालय में 12वीं कक्षा की एक छात्रा ने कथित तौर पर खुद को आग लगा ली, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद मंत्री आशीष सूद ने स्कूल का दौरा किया।
मामले को विधायक अनिल गोयल ने दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि उसने क्यों सुसाइड किया ये जांच का विषय है। पुलिस जांच कर रही है। बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस घटना के पीछे की परिस्थितियों और कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस फिलहाल शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी और विधिक प्रक्रिया पूरी कर रही है।