गुड़गांव में स्कूल जा रही दसवीं की छात्रा का बाइक सवार दो युवकों ने अपहरण कर लिया। दिनदहाड़े हुई वारदात के बाद आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। सूचना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों तरफ नाकाबंदी कर दी।
जिस पर पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर लिया जबकि दूसरा भागने में सफल रहा। पुलिस जांच में दूसरे युवक की पहचान हो गई है। जिसकी गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगा दिया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एनएच आठ स्थित बिलासपुर खुर्द गांव में वारदात सोमवार को घटित हुई जब दसवीं की छात्रा अपने स्कूल जा रही थी। चश्मदीदों के मुताबिक, बाइक सवार दो युवक रास्ते में खड़े हुए थे। जैसे ही छात्रा वहां से निकली। एक युवक ने उसे जबरदस्ती पकड़ा और बाइक पर बैठाकर फरार हो गया।
लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच शुरू करते हुए युवकों को पकड़ने के लिए चारों तरफ नाकाबंदी करवा दी। सिधरावली चौक के पास पुलिस नाकाबंदी के पास अपहरणकर्त्ता छात्रा के साथ आते हुए दिखे। पुलिस ने जैसे ही उन्हें रोकने की कोशिश की वे पुलिस बेरिकेट्स तोड़कर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिसकर्मियों ने एक युवक को पकड़ लिया। पुलिस ने छात्रा को भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक एक अन्य युवक मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश की जा रही है। आरोपी की पहचान रेवाड़ी मालपुर गांव निवासी विवेक के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि वह एक निजी कंपनी में काम करता है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस दूसरे आरोपी की तलाश कर रही है।