- टक्कर के बाद स्कूटी को कुछ दूर तक घसीटा, बस सवार तीन विद्यार्थी घायल, ऑटो और बस चालक को लगी चोट
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आईपी इस्टेट इलाके में शुक्रवार सुबह निजी स्कूल की चार्टर्ड बस ने आईटीओ लाल बत्ती से पहले स्कूटी और ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस स्कूटी कुछ दूर तक घसीटता चली गई। हादसे में स्कूटी सवार ब्रह्मपुरी निवासी अभिषेक जैन की मौत हो गई। वहीं ऑटो चालक और बस में बैठे तीन स्कूली बच्चे घायल हो गए। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरुआती पूछताछ में बस चालक ने ब्रेक नहीं लगने से हादसा होने की बात कही है। पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने से हुई मौत का मामला दर्ज कर लिया है।
शुक्रवार सुबह डीडीयू मार्ग पर स्थित आंध्रा स्कूल की चार्टर्ड बस 42 विद्यार्थियों को लक्ष्मी नगर की तरफ से लेकर स्कूल आ रही थी। आईटीओ लालबत्ती से करीब 50 मीटर पहले बस ने आगे जा रही स्कूटी और ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद बस स्कूटी को कुछ दूर तक घसीटती चली गई। हादसे में स्कूटी चला रहे अभिषेक जैन गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि ऑटो चालक महेश कुमार, बस में बैठे छात्र दीपांशु, केसरी व शमा बनो और चालक शिव कुमार घायल हो गया।
आईपी इस्टेट थाने की पुलिस ने घायलों को लोकनायक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने अभिषेक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक हादसे के वक्त ब्रह्मपुरी निवासी अभिषेक स्कूटी से एम्स जा रहे थे। वहीं अन्य घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने अभिषेक और घायलों के परिवार वालों को घटना की जानकारी दे दी है।
समय पर ब्रेक नहीं लगाने से हदासा
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती जांच में पता चला है कि चालक शिव कुमार ने आईटीओ लालबत्ती के पास समय पर ब्रेक नहीं लगाया। इस वजह से बस ने स्कूटी और ऑटो को टक्कर मार दी। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।