फरीदाबाद में निजी स्कूलों की बसों के ड्राइवर व कंडक्टरों का पुलिस सत्यापन किया जाएगा। इसके साथ ही सभी स्कूल बसों का रोजाना प्रोफॉर्मा तैयार करना होगा, जिसे स्कूल के ट्रांसपोर्ट इंचार्ज से कभी भी मांगा जा सकता है।
बुधवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी के तहत लघु सचिवालय में आयोजित बैठक के दौरान नगराधीश रीगन कुमार ने आरटीए सचिव व जिला शिक्षा अधिकारी को इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए।
नगराधीश ने बैठक में जिला सड़क सुरक्षा समिति से संबंधित मुद्दों के अंतर्गत सड़कों, बाजारों व महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा की दृष्टि से लगाए जाने वाले सीसीटीवी कैमरों के इंस्टॉलेशन की स्थिति के बारे में जानकारी ली।
इसके अलावा उन्होंने ट्रैफिक लाइट व्यवस्था, स्पीड ब्रेकर्स, जेब्रा क्रॉसिंग, राष्ट्रीय राजमार्ग के कट, चेतावनी बोर्ड, ट्रैफिक चालान, आरटीए चालान, सड़क सुरक्षा शिक्षा व जागरूकता, स्वास्थ्य जांच शिविर व टोल प्लाजा आदि से संबंधित मामलों पर भी चर्चा की।
बैठक में प्रादेशिक यातायात प्राधिकरण के सचिव भारत भूषण गोगिया, बल्लभगढ़ के एसडीएम अमरदीप जैन, एसीपी ट्रैफिक देवेंद्र कुमार, नगर निगम, हुडा, आरटीए, शिक्षा विभाग, पुलिस, रेडक्रॉस तथा स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य सभी संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।