एनसीआर में आतंकी हमले की चेतावनी के बाद खुफिया एजेंसियां अलर्ट पर हैं। एटीएस समेत अन्य खुफिया एजेंसियों द्वारा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। विशेष तौर पर सोशल मीडिया को लेकर एजेंसियों ने सतर्कता और बढ़ा दी है।
इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) ने मंगलवार को दिल्ली समेत एनसीआर में आतंकी हमले की चेतावनी जारी की है। चेतावनी में स्व प्रेरित संदिग्ध या संदिग्धों के गुट द्वारा आतंकी हमले करने की आशंका व्यक्त की गई है।
हालांकि, इसके लिए कोई सटीक समय और स्थान नहीं बताया गया है। अलर्ट के बाद एटीएस समेत अन्य खुफिया एजेंसियों ने संदिग्धों की निगरानी बढ़ा दी है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों पर विशेष तौर पर नजर रखी जा रही है।
खुफिया एजेंसियों की चिंता भोपाल ट्रेन धमाकों और हाल में हुई अन्य गतिविधियों की वजह से और बढ़ी हुई है। भोपाल ट्रेन धमाके को अंजाम देने वाले संदिग्धों का समूह भी आईएसआईएस मॉड्यूल से प्रेरित था।