कासना कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को एक स्कूल बस के चालक पर नाबालिग छात्रा को बहलाकर ले जाने के आरोप का मामला सामने आया है। मामला दो समुदायों का होने से मंगलवार को कोतवाली में परिजनों के साथ पैरवी करने के लिए बजरंग दल और दुर्गा वाहिनी के कार्यकर्ता पहुंच गए और लव जेहाद का आरोप लगाया। पुलिस ने परिजन की शिकायत लेकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस छात्रा और आरोपी की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मूलरूप से पश्चिम बंगाल निवासी परिवार की 15 वर्षीय बेटी दसवीं में मलकपुर स्थित एक स्कूल में पढ़ती है। पिता का आरोप है कि किशोरी प्रतिदिन जिस स्कूल बस से जाती है, उसका चालक बेगमपुर, सूरजपुर निवासी मुज्जमिल (26) सोमवार शाम बेटी को बहला-फुसलाकर ले गया। बेटी शाम को घर से जागरण में गई थी। पिता ने बताया कि आरोपी का छह माह पहले ही निकाह हुआ। इसके बावजूद वह उनकी बेटी को कहीं ले गया है।
वहीं, मामले की भनक जब बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को पड़ी तो वह कोतवाली में पीड़ित परिजनों के साथ पहुंच गए। कोतवाली में बजरंग दल दादरी के कार्यकर्ता राजू भाटी और दुर्गा वाहिनी की कार्यकर्ता आरजू भाटी और छात्रा के परिजनों ने लव जेहाद का आरोप लगाते हुए पुलिस से जल्द आरोपी को पकड़कर लाने और लड़की को बरामद करने की मांग की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
दो समुदायों के बीच मामला होने पर पुलिस पूर्णरूप से नजर बनाए हुए है। परिजनों की शिकायत पर कासना कोतवाली पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी व छात्रा की तलाश कर रही है।
- विनीत जायसवाल, एसपी ग्रामीण