जब राज्य सरकार ने सरकारी सेवाओं में नियुक्ति की आयु 18 वर्ष कर रखी है तो कोई व्यक्ति 13 साल की उम्र में बीए पास कर नौकरी कैसे कर सकता है। ये तो एक प्रकार का अजूबा है। लेकिन नगर निगम में सफाईकर्मियों की भर्ती में कुछ इसी तरह का गड़बड़ झाला सामने आया है।
नगर निगम में नाबालिग उम्र में नौकरी करने का मामला कोई एक दो नहीं बल्कि 21 मामले सामने आए हैं। इसका खुलासा अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के प्रांतीय महामंत्री सुनील कंडेरा ने की है। उन्होंने निगम प्रशासन से इसका जवाब देने और सरकार से इस पूरे मामले की जांच एसआईटी से कराने की मांग की है।
सुनील कंडेरा ने बताया कि वर्ष 1994 में नगर निगम में 194 सफाईकर्मियों की नियुक्ति दैनिक वेतनभोगी के रूप में की गई थी। उसमें से 21 कर्मचारी ऐसे पाए गए जो नियुक्ति के दौरान नाबालिग थे। कंडेरा ने बताया कि उन्होंने जब इसकी जांच पड़ताल की तो ये मामला सामने आया।