ग्रेटर नोएडा, दादरी, रबूपुरा, जेवर, दनकौर, बिलासपुर, जारचा के मंदिरों में हजारों श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना की। वहीं, रबूपुरा के नानकेश्वर महादेव मंदिर में चार दिन तक चलने वाले इस मेले में करीब चार हजार कांवड़ियों व हजारों श्रद्धालुओं ने प्राचीन शिवलिंग के दर्शन किए।
शहर के अल्फा-1, अल्फा-2, बीटा-1, सूरजपुर, हल्दौनी, सुत्याना, कुलेसरा स्थित शिव मंदिरों में बुधवार देर रात से ही बड़ी संख्या में भक्त जुटने लगे थे। डाक कांवड़ियों की भीड़ भी देखी गई। सुबह चार बजे मंदिर के कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना की। भक्तों ने बारी बारी से जलाभिषेक कर बेल पत्र चढ़ाए।
सवा लाख की कांवड़ लेकर आए
ग्रेटर नोएडा। सुत्याना गांव के कांवड़िए बृहस्पतिवार को सवा लाख की कांवड़ लेकर दक्ष मंदिर पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि कांवड़ में मुस्लिम समुदाय ने भी सहयोग किया। मंदिर के पास बने शिविरों में सर्व धर्म सद्भाव की मिसाल दी गई। भक्तों के खानपान और ठहरने में सहयोग किया। इस झांकी कांवड़ में कुल 60 लोग शामिल थे। विनोद ने बताया कि पिछले तीन वर्ष से झांकी कांवड़ लेकर आ रहे हैं। इस बार मुजफ्फरनगर, मेरठ, रुड़की, गाजियाबाद आदि स्थानों से आए सुंदर झांकी के लिए मेडल देकर सम्मानित किया गया।