नानकेशवर महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की उमड़ेगी भीड़
खादर क्षेत्र में भाईपुर गांव के पास स्थित शिव मंदिर नानकेश्वर महादेव मंदिर में कावड़िये बुधवार भोर में जलाभिषेक करने पहुंचेंगे। शिवरात्रि पर्व को लेकर मंगलवार को मंदिर को भव्य ढंग से सजाया गया है। मंदिरों में विशेष रोशनी की गई है। भाईपुर गांव के पास स्थित शिव मंदिर नानकेश्वर महादेव, रबूपुरा- रुस्तमपुर मार्ग पर प्राचीन व प्रसिद्ध जौनमाना चामुंडा मंदिर, पक्का तालाब स्थित हनुमान मंदिर सीताराम मंदिर सहित अन्य मंदिरों में भी विशेष अनुष्ठान शुरू हो गए हैं। कई मंदिरों में अखंड रामायण पाठ का भी आयोजन किया जा रहा है।
शिवरात्रि पर ग्रेटर नोएडा में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
सावन के शिवरात्रि के पर्व को देखते हुए ग्रेटर नोएडा में पुलिस ने शहर भर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं। बुधवार को शिवरात्रि के दिन श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस ने प्रमुख शिव मंदिरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सुबह से पुलिस बल की तैनाती रहेगी।
शहर के सभी प्रमुख शिव मंदिरों के आसपास सुरक्षा के दृष्टिगत बैरिकेडिंग की जाएगी। इससे मंदिरों में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की उचित जांच हो सकेगी और सुरक्षा व्यवस्था को भी व्यवस्थित रखा जा सकेगा। श्रद्धालुओं की सुविधाओं को देखते हुए पुलिस ने मंदिर प्रशासन के साथ बैठक कर वाहनों की पार्किंग और रास्तों के लिए भी विशेष प्रबंध किए हैं जिससे यातायात बाधित न हो। शिवरात्रि के अवसर पर शिव मंदिरों में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस ने मंदिरों के चारों ओर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने का निर्णय लिया है। पुलिसकर्मी भीड़ को संभालने, शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैनात रहेंगे। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए महिला पुलिसकर्मियों को भी प्रमुख मंदिरों के प्रवेश द्वारों पर तैनात किया जाएगा।
कांवड़ियों की सुरक्षा के मद्देनजर पूरे दिन रही चौकसी
शिवरात्रि से एक दिन पूर्व मंगलवार को भी शहर के प्रमुख इलाकों और चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती रही। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को सुबह से सड़कों पर उतरकर कांवड़ की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। भीड़भाड़ वाले बाजार, मंदिर परिसर और प्रमुख मार्गों पर पुलिस की विशेष निगरानी रही। पुलिस ने कांवड़ियों से अपील की है कि वह मंदिरों में जाते समय सहयोग बनाए रखें और सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस का साथ दें। भीड़भाड़ से बचने के लिए तय मार्गों का उपयोग करें और पार्किंग के लिए निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़ा करें। सूरजपुर, एलजी गोल चक्कर, परी चौक, अल्फा चौक पर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। कांवड़ियों के अलावा उनकी झांकियों को सावधानीपूर्वक निकाला गया।