दिल्ली में किए गए सीरो सर्वे के परिणाम आने के बाद राज्य के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा है कि दिल्ली में अब हर महीने सीरो सर्वे किया जाएगा। महीने की एक से पांच तारीख के बीच में यह सर्वे होगा। अब पिछली बार से ज्यादा लोगों के सैंपल लिए जाएंगे।
हालांकि सत्येंद्र जैन इस बार से इत्तेफाक नहीं रखते कि दिल्ली की एक-चौथाई आबादी कोरोना संक्रमित है। वह बोले, यह कहना गलत है कि दिल्ली की एक चौथाई आबादी कोरोना संक्रमित है, सीरो सर्वे में उन लोगों की जानकारी मिलती है, जो संक्रमित होकर ठीक हो चुके होते हैं।
जब उनसे हर्ड इम्यूनिटी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि, दिल्ली में अभी हर्ड इम्यूनिटी नहीं बनी है। 40 से 70 फीसदी लोग जब संक्रमित होकर ठीक हो जाते हैं, यानी एंटीबॉडी बनती है, तब हर्ड इम्यूनिटी मानी जाती है।
उन्होंने आगे कहा कि, सीरो सर्वे में पहले की तरह ही सैंपल एकत्र करने का काम किया जाएगा और इसमें हर उम्र के लोगों को शामिल किया जाएगा। कोरोना के सामुदायिक प्रसार पर सत्येंद्र जैन से पूछा गया तो वह बोले कि, दिल्ली में सामुदायिक प्रसार है, लेकिन यह एक टेक्निकल टर्म है, इस पर फैसला केंद्र सरकार को ही लेना है। सत्येंद्र जैन ने लोगों से भारी संख्या में प्लाज्मा दान करने की अपील भी की है।