पुलिस को एक बजे मिली थी इमारत गिरने की सूचना
एफआईआर के मुताबिक, घटना दोपहर करीब 1 बजे हुई थी। पुलिस को 1:34 बजे सूचना मिली कि एक पीजी इमारत ढह गई है और छात्र अंदर फंसे हैं। शिकायतकर्ता एएसआई प्रफुल टोपपो ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची। वहां पूरी इमारत ढही हुई मिली और कई लोग जमा थे।
स्थानीय जांच में पता चला कि यह इमारत पीजी के रूप में इस्तेमाल हो रही थी। इसमें कई छात्र और अन्य लोग रह रहे थे। हादसे के बाद कुछ लोग मलबे में फंस गए थे। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, जिला क्राइम टीम, एनडीआरएफ, एफएसएल कर्मी, दमकल और बचाव दल मौके पर बुलाए गए। नीरज (19), आदित्य कुमार, कृष्ण और चार अज्ञात लोगों को एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया।
निर्माण में लापरवाही के आरोप
स्थानीय जांच के आधार पर एफआईआर में आरोप है कि इमारत कई साल पुरानी थी। इसके मालिक हरिराम बंसल और उनके भाई ने कथित तौर पर किराये की आय के लिए चार ऊपरी मंजिलें बनाई थीं। एफआईआर में यह भी कहा गया कि नया निर्माण चल रहा था। इससे संरचना पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा था। पुलिस ने आरोप लगाया कि मालिकों को पता था कि नींव अतिरिक्त वजन नहीं सह सकती।