लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अमर उजाला का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' सोमवार को पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में पहुंचा। यहां शाम को 'नेताओं के साथ चर्चा' में मुद्दे जाने गए।
दिल्ली के रहने वाले कपिल सिंघल ने बताया, 'विकास के क्षेत्र में दिल्ली देश में सबसे अधिक पिछड़ा है। किसी के पास पावर नहीं है। केंद्र सरकार अपने हिसाब से काम करती है और राज्य सरकार अपने हिसाब से काम करती है। कूड़े की समस्या, गाजीपुर की समस्या और पानी भी गंदा आता है। पिछली बार सांसद ने काम करने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय विधायक और अन्य लोगों की वजह से काम में रुकावट पैदा हुई। अगर राज्य सरकार और केंद्र सरकार साथ में मिलकर काम करे तो दिल्ली का विकास हो सकता है।'
कांग्रेस कार्यकर्ता ने कहा कि 'जिस प्रकार से भाजपा ईडी और सीबीआई का उपयोग कर रही है, इससे जनता में डर है। दिल्ली में भाजपा ने छह सांसद बदले, इसके पीछे क्या वजह है। उन्होंने कहा कि यमुना इस पर एक अलग दुनिया बसी हुई और यमुना के उस पार एक अलग ही दुनिया बसी हुई है। इस बात का बहुत ही अफसोस है। अगर यमुना के उस पार जहां पूरा मंत्रिमंडल रहता है, उससे तीन किलोमीटर की दूरी पर विकास नहीं हुआ तो पूरी दिल्ली में कहां से हो सकेगा। भाजपा को जनता के मुद्दे पर काम करना चाहिए। मंगलसूत्र, मांस, हिंदु-मुस्लिम पर भाजपा को राजनीति नहीं करनी चाहिए।'
विकास नाम के एक व्यक्ति ने कहा, 'आज वैश्विकरण का बोलबाला है और कहीं न कहीं जो राजनीति पार्टियां हैं, उनके बीच में कहीं न कहीं से डिस्ट्रक्टिव कंपटीशन से समाज को भारी नुकसान हो रहा है। दावे तो बहुत सारे किए जा रहे हैं। जब कांग्रेस को भी समय मिला तो वो भी बहुत फ्रंट पर निष्फल रही वो दस साल भाजपा को मिला। अब हमें एक नए सिरे वैश्विकरण में भारत की क्या भूमिका हो सकती है और उस पर क्या राष्ट्रीय चुनाव की प्रासंगिकता है।'
दिल्ली के रहने वाले हरिकेष सिंह ने कहा, 'जो राष्ट्र के हित की बात करें हम उसके साथ हैं। जब आम आदमी पार्टी आई थी तो कई वादे किए थे, लेकिन एक भी वादे पर खरे नहीं उतरे। नौकरी को लेकर उन्होंने कहा कि जो जिस योग्य होगा उसे वो नौकरी मिलेगी। विकास नहीं होगा तो भाजपा को भी जनता हटा देगी और अगर विकास होगा तो फिर भाजपा की सरकार बनेगी। जनता जागरुक हो रही है।'