फरीदाबाद के सेक्टर-48 से शराब ठेका हटाने की मांग को लेकर संस्कार फाउंडेशन के कार्यकर्ताओं ने रविवार से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी। धरने पर बैठे संस्था के कार्यकर्ताओं का कहना है कि जब तक शराब ठेका नहीं हटाएंगे, वह धरने से नहीं उठेंगे।
अनशन पर बैठी संस्कार फाउंडेशन की संयोजक परमिता चौधरी, राज शर्मा, रहमानी खान, ललिता देवी ने बताया कि ठेके के खिलाफ पिछले एक वर्ष से संघर्ष कर रही हैं। उसके बावजूद आबकारी विभाग कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। यह ठेका नियम विरुद्ध बना हुआ है। हुड्डा की जमीन पर बनाया गया ठेका, विभाग के अनुसार बिलकुल अवैध है। उनका आरोप है कि विभाग के अनुसार ठेके का लाइसेंस 31 मार्च तक समाप्त हो चुका है। इसके बाद भी चल रहा है।
ठेके के कारण सोसायटी के गेट पर शराबियों का जमघट लगा रहता है, लड़कियों और महिलाओं के साथ शराबी दुर्व्यवहार करते हैं, कई बार यहां महिलाएं हादसे का शिकार हो चुकी हैं। परमिता चौधरी ने बताया कि आबकारी विभाग ने 7 दिन में ठेका हटाने का नोटिस जारी किया था। इसके बाद भी चल रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक ठेका नहीं हटेगा भूख हड़ताल जारी रहेगी। धरने में सीमा भारद्वाज, सुनहरी किरण, डा. आलोक दीप, रेनू चौधरी, राज शर्मा, पूनम भाटिया, सत्य झा, कोमल ,मंजू अहूजा, बाबा राम केवल, जसवंत पवार सहित अनेक लोग मौजूद रहे।