अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता डॉ. नरेश कुमार ने आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह की ओर से लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर की गई टिप्पणी की निंदा की है। उन्होंने कहा कि संजय सिंह की टिप्पणी उनकी राजनीतिक हताशा का परिचायक है और भाजपा के खिलाफ संघर्ष का दावा करने वाले आप नेताओं का लगातार कांग्रेस और राहुल गांधी को निशाना बनाना कई सवाल खड़े करता है।
डॉ. कुमार ने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेताओं को भाजपा से सवाल पूछने के बजाय लगातार कांग्रेस पर हमला करते देखा जा रहा है। लिहाजा संजय सिंह को स्पष्ट करना चाहिए कि उनकी पार्टी भाजपा के खिलाफ संघर्ष कर रही है या विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस को निशाना बनाकर भाजपा के एजेंडे को मजबूत कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार लोकतांत्रिक विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। छात्रों के प्रदर्शन पर कथित पुलिस कार्रवाई और राहुल गांधी तथा प्रियंका गांधी के साथ दिल्ली पुलिस के व्यवहार को उन्होंने एक ही मानसिकता का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि जनता के अधिकारों और संविधान की रक्षा के लिए आवाज उठाने वालों को दबाने का प्रयास लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है।