आम आदमी पार्टी का भाजपा पर हमला तीखा होता जा रहा है। बृहस्पतिवार को ‘आप’ ने भाजपा नेताओं को मानसिक रूप से दिवालिया बताया।
पार्टी नेता संजय सिंह ने कहा कि भाजपा नेता अरुण जेटली सड़क के आंदोलन को शहरी नक्सलवाद कह रहे हैं। अगर उनकी यही राय है तो 1975 के जेपी आंदोलन में शामिल रहे जनसंघ और एबीवीपी के तत्कालीन नेताओं को दिवंगत प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की समाधि पर जाकर माफी मांगनी चाहिए।
जेपी आंदोलन की तरह ‘आप’ भी सड़क के आंदोलन से पैदा हुई पार्टी है। जेटली की नजर में अगर ‘आप’ शहरी नक्सल है तो जेपी आंदोलन में शामिल होने पर उन्हें माफी मांगनी चाहिए।
वहीं, कांग्रेस के भाड़े का सिपाही होने के भाजपा के आरोप पर संजय सिंह का कहना है कि कॉमनवेल्थ गेम्स में स्ट्रीट लाइट खरीद के घोटाले में कांग्रेस और भाजपा दोनों शामिल रही हैं। इतना ही नहीं, कोयला घोटाला, जनलोकपाल, आरटीआई के दायरे में राजनीतिक दलों को लाने और दागियों को रोकने जैसे मसलों पर कांग्रेस-भाजपा साथ-साथ दिखती हैं।