आप सांसद ने कहा कि रेड का एकमात्र कारण पिछले दिनों गुजरात में आई सर्वे रिपोर्ट है, इसमें आप गुजरात में दूसरे नंबर की पार्टी बन गई है। राज्य में अब भाजपा के बाद सबसे ज्यादा लोकप्रिय आम आदमी पार्टी और उसके नेता अरविंद केजरीवाल हैं।
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने खुलासा किया है कि गुजरात पुलिस ने आप के अहमदाबाद ऑफिस पर रविवार की तरह सोमवार को भी रेड की, जबकि गुजरात पुलिस ने रविवार को रेड करने की बात से इनकार कर दिया था। उनका कहना है कि गुजरात में आप कार्यालय पर रेड का एकमात्र कारण ताजा सर्वे में उसका दूसरे नंबर की पार्टी बनकर उभरना है।
विज्ञापन
आप नेता संजय सिंह ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पिछले कुछ महीनों से उनकी पार्टी पर लगातार एक के बाद एक हमले किए जा रहे हैं। दिल्ली में कभी स्वास्थ्य मंत्री को जेल में डाल दिया गया तो कभी उपमुख्यमंत्री पर सीबीआई का छापा मारा गया। मुख्यमंत्री व परिवहन मंत्री के खिलाफ जांच की जा रही है। अब भाजपा की बौखलाहट इतनी ज्यादा बढ़ गई है कि गुजरात में भी आप ऑफिस पर छापा मारा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि रेड का एकमात्र कारण पिछले दिनों गुजरात में आई सर्वे रिपोर्ट है, इसमें आप गुजरात में दूसरे नंबर की पार्टी बन गई है। राज्य में अब भाजपा के बाद सबसे ज्यादा लोकप्रिय आम आदमी पार्टी और उसके नेता अरविंद केजरीवाल हैं। जितनी तेजी से गुजरात में आप की लोकप्रियता बढ़ रही है, उस हिसाब से पार्टी वहां बहुत जल्द नंबर एक की पार्टी बन जाएगी। भाजपा को डर इस बात का है कि मुफ्त बिजली के लिए आप का गारंटी कार्ड भरने के लिए वहां लोगों का तांता लग रहा है।
विज्ञापन
उन्होंने भाजपा को सुझाव दिया कि लोकतंत्र में चुनाव में आमना-सामना करें और जो भी फैसला हो उसे स्वीकार करें। किसी पार्टी के कार्यालय पर छापेमारी कर लोकतंत्र का गला दबाकर कुछ हासिल नहीं हो सकता। गुजरात कार्यालय में रविवार को सभी फाइलों की जांच कर ली गई, लेकिन कुछ भी नहीं मिला। उसके बाद सोमवार सुबह मना कर दिया कि हम रेड मारने नहीं गए थे। गुजरात की पुलिस के साथ-साथ प्रशासन और सरकार ने भी कहा कि कोई रेड नहीं की है। लेकिन सोमवार को फिर रेड शुरू कर दी है। अहमदाबाद स्थित ऑफिस पर गुजरात पुलिस की शाम को रेड चल रही है। आप नेता अरविंद केजरीवाल और आप की लोकप्रियता से घबराकर फर्जी और निराधार आरोप लगाए जा रहे है, उसे गुजरात की जनता देख रही है। जनता चुनाव में इसका सूद समेत हिसाब लेगी।