बेहतर भविष्य का सपना लेकर करीब एक साल पहले दिल्ली में एमसीडी में नौकरी शुरू करने वाले 28 वर्षीय अनिल की जिंदगी शक का शिकार हो गई। जिस बेटे पर परिवार की उम्मीदें टिकी थीं, उसकी हत्या के बाद शुक्रवार को परिजनों और एमसीडी कर्मचारियों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा।
कल्याणपुरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल के बाहर कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। कर्मचारियों ने अस्पताल के बाहर कचरा गाड़ियां खड़ीं कर कामकाज ठप कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा देने और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। उनका कहना था कि अनिल परिवार का इकलौता कमाने वाला था। उसकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा है।
परिजनों के मुताबिक अनिल के परिवार में माता-पिता, छोटी बहन और बड़ा भाई सुनील हैं। बड़ा भाई शादी के बाद अलग रहता है। अनिल की मां हृदय रोग से पीड़ित हैं। उनकी हालत को देखते हुए परिवार ने उन्हें बेटे की मौत की जानकारी तत्काल नहीं दी।
परिवार में पसरा मातम
अनिल के बड़े भाई सुनील ने कहा कि उसकी अर्थी उठने से परिजनों के सामने भविष्य का संकट खड़ा हो गया है। प्रदर्शन में कर्मचारियों और परिजनों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने और दोषी को सख्त सजा दिलाने की मांग की। कर्मचारियों ने कहा कि पीड़ित परिवार को केवल सांत्वना देने से काम नहीं चलेगा। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए सरकार को तत्काल सहायता देनी चाहिए, ताकि अनिल के जाने के बाद उसके परिवार को दर-दर की ठोकरें न खानी पड़ें।
सफाईकर्मी की हत्या में न्याय के लिए आप विधायक धरने पर
कल्याणपुरी में रविवार सुबह ड्यूटी के दौरान एमसीडी सफाईकर्मी अनिल की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद आम आदमी पार्टी के कोंडली विधायक कुलदीप कुमार सफाई कर्मचारियों के साथ धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने मृतक परिवार को उचित मुआवजा, एक सदस्य को सरकारी नौकरी और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
विधायक ने बताया कि धरने पर बैठे सफाई कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा, धरना जारी रहेगा। विधायक ने कहा कि घटना के 4-5 घंटे बीतने के बावजूद कोई अधिकारी या सरकार का प्रतिनिधि उनसे मिलने नहीं पहुंचा। उन्होंने कहा कि जब तक मुआवजा और नौकरी की गारंटी नहीं मिलेगी, तब तक प्रदर्शनकारी यहीं बैठेंगे।
आप नेता ने मांग की है कि मृतक के परिवार को मुआवजा दिया जाए और एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। उन्होंने हत्या करने वाले आरोपी का एनकाउंटर करने की भी मांग की। आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने इस मामले में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा, राजधानी में हिंसक अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन भाजपा की चुप्पी हैरान करने वाली है।
शक की वजह से दिनदहाड़े चाकू से वारकर सफाई कर्मचारी की हत्या, तमाशबीन बने लोग
पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में शक की वजह से रविवार सुबह एक सफाई कर्मचारी की चाकू से वारकर हत्या कर दी गई। शिनाख्त अनिल कुमार (28) के रूप में हुई है। हमला करने के बाद आरोपी मौके से भाग गया। राहगीरों ने जख्मी हालत में अनिल को एलबीएस अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई। आरोपी एक बड़े चाकू से अनिल पर हमला करता दिख रहा है। इस बीच वहां से गुजर रहे लोग तमाशबीन रहे। पुलिस ने अनिल का शव कब्जे में लेकर मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। शुरुआती जांच के बाद पुलिस अधिकारी शक की वजह से अनिल की हत्या करने की बात कर रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अनिल जिस टिपर गाड़ी पर हेल्पर पर था, उस गाड़ी के चालक गुलशन से आरोपी की रंजिश थी। आरोपी को लगता था कि गुलशन उसकी पत्नी से बातचीत करता है। वहीं गुलशन और अनिल की शक्ल मिलती थी।
आशंका है कि गलती से गुलशन की जगह आरोपी ने अनिल को मार डाला। पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने बताया कि अनिल अपने परिवार के साथ कला एंक्लेव, खोड़ा कालोनी, गाजियाबाद में रहता था। इसके परिवार में पिता राम आसरे, मां गोविंद्रा देवी, बड़ा भाई सुनील कुमार और दो बहनें अनीता व एक शादीशुदा बहन सुनीता है।
अनिल के पिता राजमिस्त्री का काम करते हैं। वहीं करीब छह माह पूर्व अनिल ने ठेकेदार के जरिए नगर निगम की टिपर गाड़ी पर हेल्पर का काम शुरू किया था। रविवार सुबह वह अपनी ड्यूटी पर तैनात था। सुबह करीब 7.30 बजे अनिल चालक गुलशन के साथ ड्यूटी पर तैनात था। इनकी गाड़ी कूड़ा उठाते हुए 20 ब्लॉक पहुंची।
चालक गाड़ी में अंदर बैठा था, वहीं अनिल गाड़ी के पास खड़ा था। अचानक आरोपी ने अनिल पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू के कई वार करने के बाद आरोपी फरार हो गया। अस्पताल ले जाने पर उसकी कुछ ही देर बाद मौत हो गई। 8.30 बजे पुलिस को खबर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू की। इस बीच एरिया के सफाई कर्मचारियों ने एलबीएस अस्पताल में प्रदर्शन किया।