विजय पंडित के परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे मुजफ्फरनगर के विधायक संगीत सोम ने कहा कि, प्रदेश में अपराध चरम पर है। भाजपा नेता की हत्या सपा के कुछ नेताओं की शह पर हुई है। इसलिए पुलिस हत्यारों को बचा रही है।
उधर, हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग को लेकर भाजपा का धरना बृहस्पतिवार को भी जारी रहा, वहीं व्यापारियों का क्रमिक अनशन भी शुरू हो गया है।
संगीत सोम ने कहा कि जब से उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार आई है तब से हत्या, लूट, रेप आदि की घटनाएं अप्रत्याशित रूप से बढ़ गई हैं। गंभीर अपराध होने के बाद भी संबंधित पुलिस अधिकारी उसी थाने और जिले में तैनात रहते हैं।
समझ नहीं आ रही पुलिस की थ्योरी
उन्होंने कहा कि विजय पंडित की हत्या के बाद पुलिस ने जो थ्योरी सुनाई है वो गले नहीं उतर रही है। पुलिस ने प्यादों को तो गिरफ्तार कर लिया है।
लेकिन उनके आकाओं का कहीं जिक्र नहीं है। अपराध बढ़ने के पीछे प्रदेश सरकार में इच्छा शक्ति की कमी है जिससे वो नाकारा हो गई है। विजय पंडित हत्याकांड में सीबीआई की जांच की मांग को लेकर चल रहे धरने में गुर्जर नेताओं का भी जमावड़ा लगा हुआ है।
धरने को संबोधित करते हुए गुर्जर नेताओं ने कहा कि बदमाश की कोई जाति नहीं है। इसलिए अपराधी चाहे जो भी हो उसे उसके कृत्य की सजा जरूर मिलनी चाहिए।
आज राजनाथ सिंह से मिलेंगी गीता पंडित
ग्रेटर नोएडा दादरी में बाजार खोलने का फैसला शुक्रवार को होगा। इसके अलावा गीता पंडित 16 जून को गृहमंत्री राजनाथ सिंह से मिलकर हत्या मामले में कार्रवाई तथा सीबीआई से जांच की मांग करेंगी।
विजय पंडित हत्याकांड के बाद से बाजार बंद है और व्यापारियों का धरना जारी है। दो हत्यारोपी फरार हैं। बृहस्पतिवार को बाजार खोलने या बंद रखने को लेकर कुछ व्यापारियों में विवाद हो गया था। शुक्रवार को व्यापार संघ एक मीटिंग करेगा और निर्णय लेगा कि दादरी बाजार को बंद रहने दिया जाए या फिर खोल दिया जाए।
विजय पंडित के परिजनों ने बताया कि बाजार खोलना या न खोलना व्यापारी के हाथ में हैं। उन्हें तो बस न्याय की आस है और वह व्यापारियों के सहयोग के बिना नहीं हो सकता है।