- अब तक 30 बैठकों में 6000 लोग हुए शामिल, 50 से ज्यादा आए सुझावों पर हुई कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
राजधानी में ट्रैफिक समस्याओं के समाधान के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ‘संगम’ प्रोजेक्ट शुरू किया है, जिसमें आम नागरिकों की भागीदारी से स्थानीय स्तर पर समाधान तलाशे जा रहे हैं। इस पहल की शुरुआत उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के निर्देश पर की गई है।
‘संगम’ (सिनर्जिस्टिक एक्शन एंड नेटवर्क्ड गवर्नेंस फॉर एरिया मोबिलिटी) का उद्देश्य ट्रैफिक प्रबंधन को केवल पुलिस तक सीमित न रखकर आरडब्ल्यूए, मार्केट एसोसिएशन और विभिन्न सरकारी एजेंसियों के सहयोग से बेहतर बनाना है। इसके तहत पुलिस, एमसीडी, पीडब्ल्यूडी और स्थानीय संगठनों को एक मंच पर लाकर क्षेत्रवार समस्याओं पर चर्चा की जा रही है और मौके के अनुसार समाधान लागू किए जा रहे हैं।
इस अभियान के तहत 3 अप्रैल से अब तक 30 बैठकों का आयोजन किया जा चुका है, जिनमें करीब 6000 लोग शामिल हुए हैं। ये बैठकें कनॉट प्लेस, खान मार्केट, चाणक्यपुरी, डिफेंस कॉलोनी, साउथ एक्सटेंशन, राजौरी गार्डन, साकेत और करोल बाग जैसे प्रमुख इलाकों में हुईं। इन बैठकों से 50 से अधिक ठोस सुझाव मिले हैं, जिन्हें एक डिजिटल रिपॉजिटरी में दर्ज कर उनकी प्रगति पर नजर रखी जा रही है। लोगों ने अवैध पार्किंग, ई-रिक्शा की अव्यवस्था, गलत दिशा में ड्राइविंग, अतिक्रमण और पैदल यात्रियों की सुरक्षा जैसे मुद्दे उठाए। इन पर ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई भी शुरू कर दी है। यह पहल दिल्ली में ट्रैफिक सुधार के लिए एक नई दिशा मानी जा रही है।