दिल्ली में कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या प्रतिदिन बढ़ रही है। वहीं, अभी तक की उच्चतम संक्रमित सैंपल दर भी 25 फीसदी तक पहुंची है। बीते छह दिन में यह दर 7 से बढ़कर 25 फीसदी तक पहुंची। हालांकि, अब यह 12 फीसदी है। बीते छह दिन में कोविड-19 जांच के आंकड़ों पर गौर किया जाए तो करीब 17 हजार सैंपल की जांच में ढाई हजार कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, दिल्ली में एक सप्ताह से मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। यदि इन छह दिनों में कोरोना की जांच और संक्रमित मिलने वाले मरीजों के बीच अनुपात निकालते हैं तो दिल्ली में एक ही दिन में 25 फीसदी सैंपल तक संक्रमित मिल चुके हैं। 14 से 19 मई के ही बीच 17,741 सैंपल की जांच में 2556 संक्रमित मिल चुके हैं।
अगर दिनवार सैंपल और संक्रमित सैंपल के बीच अनुपात निकालें तो 15 मई को 1722 सैंपल की जांच में 425 संक्रमित पाए गए। 25 फीसदी सैंपल संक्रमित मिलने के बाद यह दिल्ली का सबसे उच्चतम रिकॉर्ड था। इससे पहले 14 मई को 2009 सैंपल में से 23.4 फीसदी यानी, 472 संक्रमित मिले थे। 17 मई को 19 फीसदी सैंपल संक्रमित मिले।
जानकारों के मुताबिक, संक्रमित सैंपल दर में उतार-चढ़ाव एक बड़ी चुनौती की ओर इशारा कर रहा है। महामारी विशेषज्ञ डॉ. विनोद त्यागी के अनुसार, सैंपल और उनके संक्रमित होने के आंकड़े हर दिन एक जैसे नहीं रहते हैं, लेकिन संक्रमण को समझने के लिए इन आंकड़ों के ग्राफ को आधार माना जा सकता है। मुंबई, अहमदाबाद और दिल्ली में संक्रमित सैंपल की दर में यह उतार-चढ़ाव सबसे ज्यादा देखने को मिल रहे हैं, जिसके परिणाम भी सभी के सामने हैं।
छह दिन की यह है स्थिति
दिन कुल सैंपल संक्रमित निगेटिव संक्रमित सैंपल दर
14 मई 2009 472 1335 23.4
15 मई 1722 425 1214 25
16 मई 3381 438 2943 13
17 मई 2262 422 1840 19
18 मई 4235 299 3936 7.06
19 मई 4132 500 3632 12.01
नोट : 20 मई की जानकारी विभाग ने अपडेट नहीं की है। संक्रमित सैंपल दर के आंकड़े फीसदी में।