शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रेणू शेखावत के अनुसार गांव रायपुर निवासी मैनपाल रावत ने शिकायत दर्ज कराई है कि पलवल-हथीन रोड पर उसकी दुकानें हैं तथा वहीं उसका कार्यालय है। उसने एक दुकान शराब ठेकेदार को किराये पर दी हुई है। बीती रात सवा आठ बजे शराब की दुकान पर मौजूद सेल्समैन का फोन आया कि कुछ युवक उसके साथ झगड़ा कर रहे हैं और उसे दुकान बाहर खींच रहे हैं। वह तुरंत मौके पर पहुंचा और युवकों को समझाने का प्रयास किया। इस पर आरोपियों ने उसके ऊपर बंदूक के बट से वार किया, जिससे वह लहूलुहान हो गया।
आरोपियों ने कहा कि इसे गोली मार दो। इस दौरान उसके भाई चमन ने उसे बचाने का प्रयास किया तो सभी उसके साथ भी मारपीट की। शोर सुनकर राहगीर व ग्रामीण मौके पर आ गए तो आरोपी मौके से भागने लगे। इस दौरान एक बाइक सवार युवक को भीड़ ने दबोच लिया। आरोपी की पहचान गांव रजपुरा निवासी शिवम के रूप में हुई। शिवम ने बताया उसके साथ गांव दुर्गापुर निवासी सौरव, गौरव, विकास, नितिन, संजू, लोकेश, कुलदीप, गौरव, अरुण व चार-पांच अन्य युवक शामिल थे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।