ग्रेटर नोएडा की एच्छर पुलिस चौकी स्थित शराब ठेके के सेल्समैन की बुधवार रात बीयर के 10 रुपये अधिक मांगने के विवाद में दो गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी वारदात के बाद फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, गुलावठी बुलंदशहर निवासी कुलदीप (25) एच्छर पुलिस चौकी क्षेत्र की बिल्डिंग मैटेरियल मार्केट के पास स्थित ठेके पर सेल्समैन था। बुधवार रात करीब दस बजे कुलदीप ठेके पर मौजूद था।
इसी दौरान दो युवक वहां पर पहुंचे और बीयर मांगी। बताया जा रहा है कि युवक कुलदीप पर प्रिंट रेट से 10 रुपये अधिक वसूलने का आरोप लगाने लगे। इस बात पर उनका विवाद हो गया।
युवकों ने दो पिस्टल से चार गोलियां चला दीं। दो गोलियां कुलदीप के सीने में लगीं। वारदात के बाद आरोपी कुछ दूरी पर खड़ी कार में सवार होकर फरार हो गए। कुलदीप को निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।