मध्य दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके में ज्वेलर के सेल्समैन से 50 लाख रुपये से अधिक के सोने की लूट की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। लूट की सारी साजिश शिकायत करने वाले सेल्समैन ने ही रची थी। पुलिस ने छानबीन के बाद आरोपी उमेश भोसले (33) को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी के पास से लूटे गए करीब एक किलो सोने के जेवरात भी बरामद कर लिये हैं। पूछताछ के दौरान उमेश ने खुलासा किया है कि उसकी शादी होने वाली है। अपनी शादी के लिए उसके पास रुपये नहीं थे। शादी करने के लिए ही उसने लूट की झूठी साजिश रची। पुलिस उमेश से पूछताछ कर मामल की छानबीन कर रही है।
मध्य जिला पुलिस उपायुक्त संजय भाटिया ने बताया कि 30 सितंबर को आनंद पर्वत इलाके में जखीरा फ्लाईओवर पर लूट की एक कॉल हुई थी। मूलरूप से महाराष्ट्र के रहने वाले उमेश नामक युवक ने बताया कि वह करीब डेढ़ साल से करोल बाग में श्रीचंद श्रवण कुमार नामक ज्वेलर के पास सेल्समैन का काम करता है। वह कंपनी से करीब 985 ग्राम सोना लेकर प्रीतमपुरा के लिए निकला था। रास्ते में बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे चाकू मारकर सोना लूट लिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी उमेश के बयानों पर कुछ शक हुआ। पुलिस ने घटना स्थल की सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो ऐसी किसी घटना होने के कोई सबूत नहीं मिले। उमेश से सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने लूट की झूठी कॉल करने की बात की। बाद में उसके पास से सारा सोना भी बरामद कर लिया गया।
आरोपी ने बताया कि उसे अपनी शादी के लिए रुपयों की जरूरत थी। इसलिए उसने खुद ही लूट की साजिश रची थी। आरोपी ने खुद को लोहे की कील मारकर घायल किया था। बाद में पुलिस को यह बताया था कि बदमाशों ने उस चाकू मारा है।