खुद को दाऊद इब्राहिम के लिए सोने की तस्करी करने वाला बताकर तीन ठगों ने डबुआ कॉलोनी निवासी भगत सिंह से 65 लाख रुपये ऐंठ लिए। टटलू गिरोह के सदस्य अब भगत सिंह को न तो सोने की ईंटें दे रहे हैं और न ही रुपये। रुपये वापस मांगने पर गिरोह के बदमाश उसे गायब करवाने की धमकियां दे रहे हैं। पीड़ित ने तीनों के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
भगत सिंह के मुताबिक, आर्यन भारद्वाज नाम के युवक से उसका पुराना परिचय है। कुछ दिन पहले उसने आर्यन के पास डेढ़ लाख रुपये की कमेटी डाली थी। तब आर्यन ने उसे बताया कि वह मुंबई में सोने के बिस्कुट बेचने का काम करता है।
उसने योगेश कसाना नाम के युवक से मिलवाया और बताया कि वह भी दाऊद इब्राहिम के लिए सोने के बिस्कुट-ईंटे बेचने का काम करता है। दोनों उसे जाल में फंसाकर सैर कराने के नाम पर मुंबई ले गए।