दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में पहलवान सागर धनकड़ की हत्या के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। इस रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि सागर की मौत सिर में गहरी चोट लगने की वजह से हुई है। यह सभी चोटें मौत से पहले लगी बताई गईं हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह पता चला है कि सागर धनकड़ पर किसी ब्लंट-ऑब्जेक्ट से हमला हुआ है। ऐसा इसलिए कहा गया क्योंकि उसके शरीर पर करीब चार सेंटीमीटर तक गहरे जख्म मौजूद थे। सागर के सिर से लेकर घुटने तक पर चोट के निशान मिले। जानकारी तो ये भी है कि कई चोट के निशान नीले भी पड़ गए थे।
पुलिस की पूछताछ में कई बार फफक-फफक कर रो पड़े सुशील कुमार
बता दें कि पुलिस की पूछताछ में सुशील कुमार कई बार फफक-फफक कर रो पड़े। घटना के बाद सुशील को अपने कैरियर की चिंता सता रही है। उसे अपने किए पर पछतावा हो रहा है। सोमवार को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने सुशील व उसके साथी अजय उर्फ सुनील बक्करवाला से पांच घंटे पूछताछ की। इसके अलावा अपराध शाखा की एक टीम छत्रसाल स्टेडियम भी पहुंची।
कई घंटों तक चली पूछताछ
पुलिस की टीम ने घटना स्थल पर जाकर वहां का ग्राफ तैयार किया। अपराध शाखा अब नए सिरे से सभी सबूतों को परख रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मंगलवार को सुशील की मदद करने वाली महिला खिलाड़ी को भी पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है। दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि चूंकि मामला बेहद हाईप्रोफाइल है, इसलिए खुद अपराध शाखा के अतिरिक्त आयुक्त शिबेश सिंह और पुलिस उपायुक्त मोनिका भारद्वाज सुशील व अजय से पूछताछ करने पहुंचे। दोनों ने कई घंटे दोनों से लंबी पूछताछ की। इस दौरान कई बार सुशील की आंखों से आंसू छलके।
नौकरी से किया सस्पेंड
उधर, सुशील कुमार को उत्तर रेलवे की नौकरी से सस्पेंड कर दिया गया है। सुशील के सस्पेंशन की तैयारी उसकी गिरफ्तारी के बाद ही शुरू हो गई थी। मंगलवार को उत्तर रेलवे के सीपीआरओ ने जानकारी दी है कि सुशील को नौकरी से सस्पेंड कर दिया गया है।