नई दिल्ली में साध्वी निरंजन ज्योति के कथित विवादित बयान के बाद संसद सत्र में हंगामा और उससे हुई किरकिरी के बाद सभी भाजपा सांसदों को संयमित भाषण देने को कहा गया है। इसके साथ ही भड़काऊ भाषण देने से भी मनाही की गई है। लिहाजा बृहस्पतिवार को ज्यादातर सांसद संयमित भाषण देते ही दिखे।
प्रदेश भाजपा के शहरी केंद्र नुक्कड़ जनसभा में कई राज्यों के सांसदों ने विधानसभा चुनाव प्रचार का कमान संभाला। इन नेताओं के निशाने पर सिर्फ ‘आप’ रही और दिल्ली के विकास को फोकस किया गया। पूर्वी दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नजमा हेपतुल्ला, बागपत के सांसद सतपाल सिंह, दार्जिलिंग के सांसद एसएस आहूवालिया, बिहार के सांसद अश्विनी चौबे, भैरो प्रसाद मिश्रा और उत्तर प्रदेश के सांसद जगदंबिका पाल ने जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान सांसदों ने कहा कि ‘आप’ और कांग्रेस चुनाव को लेकर नाटकबाजी कर रही है।
केजरीवाल पर कटाक्ष करते हुए केंद्रीय मंत्री नजमा हेपतुल्ला और सांसद सतपाल ने कहा कि अगर उन्हें दिल्ली की जनता की इतनी ही फिक्र थी तो वह सरकार छोड़कर क्यों भागे। उन्होंने ‘आप’ को कांग्रेस की बी-टीम करार दिया। शीला सरकार की 15 साल की भ्रष्ट नीतियों और घोटालों से जनता तंग आ चुकी थी। कांग्रेस सरकार घोटालों और भ्रष्टाचार में लिप्त रही।
वहीं रोहिणी के नुक्कड़ सभा में भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि केजरीवाल कैमरे के पीछे खास काम करते और कैमरे के सामने आकर आम आदमी की बात कर केवल आंखों में धूल झोंकते हैं। राजा विहार में चित्तौड़गढ़ के भाजपा सांसद चंद्र प्रकाश जोशी ने ‘आप’ के छलावे से दूर रहने की हिदायत दी। पूर्व विधायक जयभगवान अग्रवाल ने कहा कि हर वर्ग के लोगों के लिए शिक्षा और शौचालय के लिए दिल्ली में भाजपा की सरकार बनाना आवश्यक है।