साबिर अली की पत्नी ने भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को साबिर की पत्नी यास्मीन मुख्तार अब्बास नकवी के पंडारा पार्क स्थित घर के बाहर धरने पर बैठ गईं। उन्होंने कहा कि नकवी सबके सामने अपने बयान पर माफी मांगें।
धरने के दौरान साबिर अली की पत्नी ने मीडिया से कहा कि नकवी या तो माफी मांगें या फिर उनके पति को सजा दिलाएं। जब तक माफीनामा नहीं मिलेगा, वह उनके घर के सामने से नहीं हटेंगी। हालांकि, बाद में वह खुद वहां से हट गईं। इस बीच पुलिस ने भी उन्हें हटाने की कोशिश की।
इस संबंध में मुख्तार अब्बास नकवी ने तो कुछ नहीं कहा लेकिन भाजपा नेताओं का कहना है कि ट्वीट में नकवी का नाम नहीं था। साबिर अली और उनकी पत्नी यास्मीन का कहना है कि अगर नकवी साबिर पर लगाए गया संगीन आरोप नहीं साबित कर पाए तो उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा किया जाएगा।
यास्मीन ने न उठने की जिद
पूर्व सांसद साबिर अली की पत्नी यास्मीन ने सोमवार को भाजपा उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी के घर के बाहर धरने पर बैठ गईं। लेकिन दिल्ली पुलिस ने उन्हें जबरदस्ती वहां से हटा दिया।
यास्मीन अपने पति पर लगाए गए संगीन आरोप के लिए नकवी से क्षमा याचना की मांग कर रही थीं। लेकिन तभी दिल्ली पुलिस नकवी के घर पहुंची और यास्मीन को वहां से किसी दूसरी जगह जाने को कहा।
लेकिन यास्मीन ने जाने से मना कर दिया। यास्मीन का कहना था कि जब तक नकवी उनके सामने आकर माफी नहीं मांगते हैं, तब तक वह धरने से नहीं उठेंगी। बाद में उन्होंने कहा कि अगर नकवी माफी नहीं मांगना चाहते हैं तो उनके पति पर लगाया गया आरोप साबित करें तभी वह धरने से उठेंगी। लेकिन शाम को पुलिस ने उन्हें जबरदस्ती नकवी के घर के सामने से उठा दिया।
दल-बदलू कीड़े ने लगाई है आग
दरअसल बीजेपी इन लोकसभा चुनावों में जीत के लिए सभी हथकंडे अपना रही है। इसलिए पार्टी अन्य दलों से निष्कासित या फिर रूठे नेताओं को तेजी से अपना रही है। इसी क्रम में 28 मार्च को जदयू से निष्कासित साबिर अली को बीजेपी ने पार्टी में शामिल कर लिया।
लेकिन तभी पार्टी के प्रमुख मुस्लिम चेहरे मुख्तार अब्बास नकवी ने इस पर कड़ा विरोध जता दिया। उन्होंने ट्विटर के जरिए कहा कि भटकल के मित्र के आने के बाद लगता है कि जल्द ही दाऊद इब्राहिम भी बीजेपी में आ जाएगा। इसके बाद 24 घंटे के भीतर पार्टी से साबिर अली की सदस्यता रद्द कर दी गई।
इससे नराज साबिर अली की पत्नी ने भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। वह मामले पर मुख्तार अब्बास नकवी से माफी मांगने की मांग कर रही हैं।