वेलेंटाइन वीक के चॉकलेट डे यानी 9 फरवरी को दिल्ली और गुड़गांव में अद्भुत नजारा दिखेगा।
देश में पहली बार इन दोनों स्थानों पर सैकड़ों लोग ‘रन फॉर स्वीट हॉर्ट’ में अपने चाहने वालों के लिए दौड़ेंगे। एक दूजे का हाथ थाम सभी चार किलोमीटर की रेस में शिरकत करेंगे।
इस अनोखी रेस का आइडिया रन विद मी फाउंडेशन का है। ‘रन फॉर स्वीट हॉर्ट’ में सिर्फ जोड़ियां ही हिस्सा ले सकती हैं। सोशल साइट्स के माध्यम से भी इस आयोजन का प्रचार-प्रसार लोगों के बीच में किया जा रहा है। इसे लेकर सभी काफी उत्साहित भी हैं।
इस रेस की सबसे खास बात है कि हर दौड़ने वाले को अपने जोड़ीदार का हाथ थाम कर दौड़ना पड़ेगा। रेस में किसी एकल की एंट्री नहीं होगी। सिर्फ युगल ही इस दौड़ का हिस्सेदार हो सकता है।
आयोजकों को उम्मीद है कि वेलेंटाइन वीक का चॉकलेट डे रविवार को है। इस कारण ‘रन फॉर स्वीट हॉर्ट’ काफी भीड़ जुटने की संभावना है। गुड़गांव में राहगीरी रूट और दिल्ली के द्वारका सेक्टर-11 में यह रन होगी।
पति-पत्नी और प्रेमी-प्रेमिकाओं के लिए यह खास किस्म की रेस है। जो भी जोड़ी रेस के फिनिश लाइन पर पहुंचेगी उसे वेलेंटाइन गिफ्ट और सर्टीफिकेट दिया जाएगा। नौ फरवरी को यह दौड़ गैलेरिया मॉर्केट से आरंभ होगी। इसका रूट राहगीरी वाला ही होगा।
रन विद मी फाउंडेशन के संचालक शीतल मेहरा बताते हैं कि यह आइडिया उनके दिमाग में काफी पहले आया था मौका देखकर आजमा रहे हैं। उम्मीद है कि सफल रहेगी। उन्होंने बताया कि लोगों की ओर से पूछताछ शुरू हो गई है।
मौके पर होगा रजिस्ट्रेशन
राहगीरी और ‘रन फॉर स्वीट हॉर्ट’ एक साथ देखते का सभी के पास शानदार मौका होगा। जो भी दौड़ना चाहेगा उसे नौ फरवरी को सुबह 7:30 बजे पहुंच कर रजिस्ट्रेशन कराना होगा। यह रजिस्ट्रेशन 8:55 बजे तक होगा। यह रेस 9:00 बजे आरंभ हो जाएगी।
जोड़ी बनाकर भी दौड़ने की मिल सकती है अनुमति
रन विद मी फाउंडेशन के शीलत मेहरा ने बताया कि अगर ‘रन फॉर स्वीट हॉर्ट’ में लोग कम आए तो एक और नुस्खा आजमाया जाएगा। भाई-भाई, भाई-बहन और बाप-बेटे या अन्य कोई भी जोड़ी बनाकर दौड़ सकते हैं। अभी बात चल रही है इसकी भी अनुमति लोगों को मिल सकती है।