कई राज्यों में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। कुछ माह बाद पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की घोषणा हो सकती है। लेकिन इस बीच निर्वाचन आयोग से आरटीआई के तहत दिलचस्प जानकारी मिली है।
आयोग में नए राजनीतिक दल बनाने के लिए पिछले डेढ़ साल में 392 आवेदन आए हैं। अमर उजाला को यह जानकारी 16 जून को मिली। निर्वाचन आयोग में 1 जून 2016 को आरटीआई आवेदन के जरिए राजनीतिक दलों के रजिस्ट्रेशन के बारे में जानकारी मांगी गई थी।
आयोग ने 1 जनवरी 2015 से 31 मई 2016 तक का ब्योरा दिया। इसके मुताबिक देश में कुल 2005 राजनीतिक दल राष्ट्रीय, क्षेत्रीय व अमान्य पार्टी के रूप में रजिस्टर्ड हैं। इनमें छह राष्ट्रीय दल, 50 क्षेत्रीय दल और 1949 अमान्य पार्टी (जिनका वोट प्रतिशत कुल मतदान का 4 प्रतिशत से भी कम हो) हैं। अगर 392 आवेदन स्वीकृत हो जाते हैं तो आगामी विधानसभा चुनाव तक आयोग में पंजीकृत राजनीतिक दलों की संख्या 2400 के करीब हो सकती है।