राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के दिग्गज कार्यकर्ता एवं पूर्व विभाग संघचालक प्रो. भूषणलाल धूपड़ के निधन से संघ परिवार में शोक की लहर है। 83 वर्षीय प्रो. धूपड़ के पार्थिव शरीर को मंगलवार सुबह अजरौंदा स्थित श्मशान घाट पर मंझले पुत्र राजेश धूपड़ ने मुखाग्नि दी। उनकी अंतिम यात्रा में पूरा संघ परिवार उमड़ पड़ा।
विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय संगठन मंत्री दिनेश कुमार, आरएसएस के क्षेत्रीय संपर्क प्रमुख श्रीकृष्ण सिंहल, प्रांत कार्यवाह डॉ. देवप्रकाश भारद्वाज, प्रांत प्रचारक सुधीर कुमार, सह-प्रांत प्रचारक विजय कुमार, सह-प्रांत बौद्विक प्रमुख गंगाशंकर मिश्र, विभाग कार्यवाह राकेश त्यागी, उद्योग मंत्री विपुल गोयल, भाजपा प्रदेश महामंत्री संदीप जोशी, केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर के पुत्र देवेंद्र चौधरी, जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष अजय गौड़ सहित सैकड़ों लोगों ने प्रो. धूपड़ को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
आईआईटी कानपुर में मैकेनिकल इंजीनियर विभाग के विभागाध्यक्ष रहे प्रो. धूपड़ सेवानिवृत्ति के बाद कुरुक्षेत्र एनआईटी, दिल्ली आईआईटी और बीएचयू बनारस में भी बतौर चेयरमैन रहे। आपातकाल के दौरान वे 21 माह जेल में रहे।