- जीएमडीए कराएगा सर्विस रोड और मास्टर रोड की विशेष मरम्मत
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर 3/5 डिवाइडिंग रोड के किनारे सर्विस रोड और मास्टर रोड की हालत सुधारी जाएगी। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की ओर से सड़कों की विशेष मरम्मत और इससे जुड़े अन्य कार्य कराए जाएंगे। इस योजना पर 4.93 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। कार्य पूरा करने के लिए 12 महीने की समयसीमा निर्धारित की गई है।
यह सड़क रेलवे रोड से शीतला माता रोड को जोड़ती है और वाहनों का काफी दबाव रहता है। बस डिपो से रोहतक और चंडीगढ़ जाने वाले वाहन शीतला माता रोड से सेक्टर 3/5 डिवाइडिंग रोड से आगे जाते हैं। सड़क खराब होने से वाहन चालकों को रोज जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। जीएमडीए के कार्यकारी अभियंता अमित कुमार ने बताया कि मेन रोड के साथ सर्विस रोड की मरम्मत कार्य कराया जाना है। उन्होंने बताया कि इसकी निविदा जारी कर दी गई है।