गुणवत्ता जांच के बाद ही पूरा माना जाएगा काम
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। शाहदरा इलाके में सड़कों की खोदाई से परेशान वाहन चालकों और स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत मिली है। लोक निर्माण विभाग ने 4.32 करोड़ रुपये का एक विशेष जीर्णोद्धार अभियान शुरू किया है। यह अभियान बीएसईएस, एयरटेल, जियो और दिल्ली जल बोर्ड द्वारा काटी गई सड़कों को दुरुस्त करेगा।
शाहदरा रोड डिवीजन के अंतर्गत बीएसईएस, एयरटेल, जियो और दिल्ली जल बोर्ड ने लाइनों व अन्य विकास कार्यों के लिए सड़कों के बड़े हिस्से काट दिए थे। इन कटी हुई सड़कों की समय पर मरम्मत नहीं हुई। इससे रोजाना हजारों वाहन चालकों को भारी परेशानी होती थी। अब मरम्मत का काम शुरू हो गया है। सड़कों की रिसर्फेसिंग और पैच वर्क के लिए अत्याधुनिक हॉट मिक्स प्लांट और इलेक्ट्रॉनिक सेंसर से लैस पेवर मशीनों का उपयोग होगा। सड़क निर्माण की गुणवत्ता परखने के लिए स्वतंत्र प्रयोगशालाओं में परीक्षण (कोर टेस्ट) पास करना अनिवार्य होगा।
अधिकारियों ने बताया कि पूर्वी दिल्ली के मुख्य मार्गों और कॉलोनियों को जोड़ने वाले रास्तों को जल्द गड्ढामुक्त किया जाएगा। मरम्मत कार्य के दौरान सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।