लंबे इंतजार के बाद गाजियाबाद के लोगों को डबल डेकर ट्रेन का तोहफा मिलेगा। शनिवार से लखनऊ-आनंद विहार के बीच डबल डेकर ट्रेन का संचालन शुरू हो जाएगा।
यह ट्रेन लखनऊ और आनंद विहार के बीच बरेली, मुरादाबाद और गाजियाबाद के स्टेशनों पर रुकेगी। शनिवार को गृह मंत्री राजनाथ सिंह और रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा लखनऊ से हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को आनंद विहार के लिए रवाना करेंगे। कार्यक्रम तय होने की पुष्टि एनई रेलवे (नार्थ ईस्टर्न रेलवे) के अधिकारियों ने की है।
केवल एक रैक होने की वजह से फिलहाल यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन चलेगी। हालांकि इसके संचालन का शेड्यूल शुक्रवार को जारी होगा। लखनऊ से आनंद विहार तक इस ट्रेन का सफर करीब 8 घंटे का होगा और गाजियाबाद में इसका स्टॉपेज 2 मिनट का होगा।
गाजियाबाद में भी डबल डेकर ट्रेन के संचालन की तैयारी पूरी कर ली गई है। डबल डेकर ट्रेन संचालन शुरू होने से गाजियाबाद, नोएडा, साहिबाबाद समेत आसपास के हजारों यात्रियों को सहूलियत मिलेगी।
अक्तूबर में हो चुका ट्रायल
डबल डेकर ट्रेन का सफल ट्रायल 17 और 18 अक्तूबर 2014 को हो चुका है। 17 अक्तूबर को यह ट्रेन लखनऊ से आनंद विहार और 18 अक्तूबर को वापस लखनऊ पहुंची थी। दोनों ओर से गाजियाबाद में दो-दो मिनट इसे रोका गया था। यहां प्लेटफार्म से इसका क्लीयरेंस समेत कई पहलुओं पर जांच की गई थी।