बावजूद इसके दिल्ली पुलिस की ओर से संभावना जताई जा रही है कि रोहित तिवारी के शव का पोस्टमार्टम एम्स के मेडिकल बोर्ड से बुधवार को कराया जा सकता है। इसके बाद ही परिजनों को शव सौंपा जाएगा। हालांकि खबर लिखे जाने तक मृतक रोहित तिवारी का शव और परिजन मैक्स अस्पताल में ही मौजूद थे।
दरअसल डीएनए जांच के बाद रोहित को एनडी तिवारी के बेटे के रुप में कोर्ट से मान्यता मिली थी। साल 2008 में रोहित ने कोर्ट में एनडी तिवारी के बेटे होने का दावा किया था, इस मामले को खारिज करने के लिए एनडी तिवारी की ओर से अपील भी की गई थी, एक लंबी सुनवाई के बाद कोर्ट ने डीएनए जांच के बाद फैसला सुनाया।
पिछले वर्ष 18 अक्तूबर को एनडी तिवारी का निधन हुआ था। 11 मई 2018 को मध्यप्रदेश की अपूर्वा शुक्ला के साथ रोहित तिवारी वैवाहिक बंधन में बंधे थे। हाल ही में लोकसभा चुनाव के पहले मतदान में उन्होंने अपनी मां उज्जवला के साथ नैनीताल में वोट भी दिया था। साथ ही इस दौरान उन्होंने कांग्रेस उम्मीवार हरीश रावत के पक्ष में ही मतदान करने और भविष्य में कांग्रेस के साथ ही सियासी राह पर चलने की घोषणा की थी।