क्राइम ब्रांच की गिरफ्त में आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
कारोबारी से रंगदारी वसूलने के लिए पीतमपुरा में उसके घर के बाहर ताबड़तोड़ गोलियां चलाने वाले रोहित गोदारा गैंग के तीन आरोपियों को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान निखिल कुमार (24), शुभम (23) और मोक्ष (24) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, विदेश में बैठे गैंग के गुर्गे विवेक ने स्थानीय नेटवर्क के जरिये फायरिंग की साजिश को अंजाम दिलाया था। आरोपियों के कब्जे से दो सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, एक देसी पिस्टल और 12 कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बाइक भी बरामद कर ली है।
क्राइम ब्रांच के मुताबिक, 28 अक्तूबर की सुबह करीब पांच बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने पीतमपुरा निवासी कारोबारी साहिल जैन उर्फ गूगल के घर के बाहर गोलियां चलाई थीं। हमलावरों ने उनकी कार को भी निशाना बनाया था। मामले में सुभाष प्लेस थाने में रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान विदेश में बैठे गैंगस्टर रोहित गोदारा का नाम सामने आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई।
एआरएससी की टीम ने आरोपियों की तलाश में लगातार पीछा किया। 500 किलोमीटर से अधिक दूरी तक सुराग जुटाने के बाद पुलिस ने तीनों को रोहिणी से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी दिल्ली में एक और बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से आए थे। तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार और कारतूस मिले।
50 हजार रुपये का लालच देकर गैंग में शामिल किया
जांच में सामने आया कि मोक्ष गैंग के विदेश में बैठे गुर्गे विवेक और फरार आरोपी प्रदीप के संपर्क में था। वह स्थानीय बदमाशों को गैंग से जोड़ने और उनके लिए लॉजिस्टिक मदद जुटाने का काम करता था। मोक्ष ने निखिल को मोटी कमाई और आलीशान जिंदगी का लालच देकर गैंग में शामिल कराया था। उसे फायरिंग की साजिश में शामिल होने के लिए 50 हजार रुपये देने का वादा किया गया था। इसके बाद निखिल ने फरार आरोपी प्रदीप के साथ मिलकर कारोबारी के घर पर फायरिंग की थी।
दोस्त के जरिये गैंग से जुड़ा शुभम
पुलिस के मुताबिक, शुभम भी निखिल के जरिये रोहित गोदारा गैंग के संपर्क में आया था। वह अपने साथियों के प्रभाव में आकर रंगदारी की साजिश का हिस्सा बन गया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों, विदेश में बैठे हैंडलरों और रंगदारी नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।