नोएडा के जहांगीरपुर कस्बे में बुधवार शाम अनाज मंडी पुलिस चौकी से करीब 50 मीटर दूर किराना व्यापारी के मकान में घुसकर 7-8 बदमाशों ने डाका डाला। बदमाश हथियारों के बल पर परिजनों को बंधक बनाकर डेढ़ लाख नगदी व करीब आठ लाख रुपये के जेवर ले गए।
पुलिस चौकी से महज पचास मीटर दूरी पर संजय अग्रवाल का घर है। बुधवार शाम 7:45 बजे रोजाना की तरह वे दुकान बंद करके घर पर पहुंचे थे, लेकिन पहले से घात लगाए नकाबपोश बदमाशों ने व्यापारी को गेट पर पहुंचते ही घर में धकेला और अंदर घुस गए।
परिवार के लोग कुछ समझ पाते तब तक बदमाशों ने सभी पर तमंचे तान दिए और एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद नगदी व जेवर लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने रात में ही पुलिस को तहरीर दी। आरोप है कि पुलिस ने बदमाशों की संख्या को महज चार दिखाते हुए लूट की धारा में रिपोर्ट दर्ज की।
उधर, बृहस्पतिवार को आसपास के गांवों और प्रतिनिधियों को जानकारी मिली तो वे कस्बे में पहुंच गए। कांग्रेस नेता धीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में व्यापारियों और क्षेत्र के लोगों ने चौकी पर तैनात इंचार्ज को दोषी मानते हुए उनके तबादले की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
इसके बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम और सीओ ने लोगों की मांग पूरी करते हुए चौकी इंचार्ज भीकम सिंह को हटाने का आश्वासन दिया, तब जाकर लोग शांत हुए।