नकाबपोश बदमाशों ने बुधवार देर शाम लूट का विरोध करने पर प्रेम नगर निवासी राधिका ट्रैक्टर्स फर्म के मुनीम पंकज गुप्ता पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इसमें मुनीम गंभीर रूप से घायल हो गया।
लुटेरे करीब दो लाख रुपये से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। परिजनों ने पुलिस की मदद से पंकज को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे नोएडा रेफर कर दिया। इस वारदात से व्यापारी गुस्से में हैं।
प्रेम नगर निवासी पंकज गुप्ता (32) राधिका ट्रैक्टर्स फर्म पर मुनीम हैं। बुधवार को सिकंदराबाद से करीब 2 लाख रुपये की उगाही कर घर लौट रहा था।
जैसे ही वह अपने घर की गली में मुड़ा तो पहले से ही घात लगाए बैठे चार नकाबपोश बदमाशों ने उस पर धावा बोल दिया। लुटेरों ने पंकज से रुपयों से भरा बैग छीनना चाहा।
पंकज ने विरोध किया तो बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर थैला छीन फरार हो गए। पंकज के चाचा राजेबाबू अग्रवाल ने बताया कि चारों नकाबपोश लुटेरे बाइक पर थे और रुपयों से भरा बैग छीनने का विरोध करने पर गोलियां बरसा दीं।
इसमें से दो गोली पंकज को लगी। इसके बाद लुटेरे बैग लेकर फायर करते हुए फरार हो गए। गोली लगते ही पंकज सड़क पर गिर पड़ा। गोली की आवाज सुनते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना के आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने पुलिस की मदद से पंकज को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां से उसे नोएडा के कैलाश अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है।
पुलिस का कहना है कि बदमाशों की तलाश की जा रही है।